भिवानी। गांव मानहेरू में एक घर से लोन की किश्त लेने गए फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल ने अपने बयान सदर थाना पुलिस को दर्ज करवाएं। पुलिस ने बयान के आधार पर दो आरोपियों पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में जिले फतेहाबाद के गुलरवाला निवासी सुनील ने बताया कि वो नमरा फाइनेंस प्राइवेट कंपनी में बतौर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी ने गांव मानेहरू निवासी मीना को लोन पर रुपये दे रखे हैं। लोन पर दिए गए रुपयों की किश्त के रुपये लेने के लिए वह अपने साथी सुखदीप के साथ वीरवार को महिला के घर में गया था। जब वो वहां पहुंचे तो महिला ने फोन पर अपने पति को घर पर बुला लिया। महिला का पति एक अन्य व्यक्ति के साथ घर पहुंचा और उनके साथ झगड़ा करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। घायल ने बयान में बताया कि इस दौरान उनके 18 हजार रुपये और फोन भी वहीं पर गिर गए। इस घटना के बाद घायल मानहेरू अस्पताल में भर्ती हुआ। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को भिवानी नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच करने में जुट गई है।