नई अनाज मंडी में लगी गेहूं की ढेरी।
भिवानी। मंडी में अब सरसों के साथ गेहूं की आवक भी तेज हो गई। सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने भिवानी मंडी में 3685 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद कराई गई। वहीं मंडी में किसानों के 56 गेट पास कटे, जो 3917 क्विंटल गेहूं लेकर पहुंचे थे। इसी तरह मंडी में किसानों के 309 गेट पास के साथ 6333 क्विंटल सरसों की आवक हुई और 4600 क्विंटल खरीद।
सोमवार को मंडी में किसानों के साथ फसलों की आवक भी तेज हो गई। खरीद एजेंसी ने जिन किसानों के गेहूं के दानों पर मौसम की मार पड़ी थी। फिलहाल उसकी भी खरीद करा दी है। हालांकि अभी तक लिखित में कोई आदेश नहीं हैं, मगर फिर भी अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लिखित आदेश भी आ जाएंगे। सुबह से ही मंडी में किसान ट्रैक्टर ट्रालियों को लेकर मंडी में पहुंचना शुरू हो गए। किसानों की ट्रैक्टर ट्रालियों की भी लंबी कतार लगी। जिसकी वजह से लोहारू रोड पर भी जाम की स्थिति बनी।
मंडी पहुंचे किसान भलेराम, रामकिशन, रामपाल, भगीरथ ने बताया कि उनकी फसल में पहले दिन ढेरी जांच के दौरान अधिकारियों ने 12 फीसदी से अधिक नमी बता दी है। फसल एक या दो दिन और सुखानी पड़ेगी। यहां फसल रखने के लिए भी ज्यादा जगह नहीं है। वहीं मंडी में मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों के ही गेट पास काटकर अंदर भेजा गया। इन्हीं किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद हुई। जबकि हैफेड ने मंडी में 4600 क्विंटल सरसों की भी खरीद कराई। गेहूं के साथ सरसों की खरीद होने से मंडी में अव्यवस्था का आलम भी बना। हालांकि अब मंडी के बजाए चारा मंडी में सरसों की खरीद के निर्देश अधिकारियों ने दिए हैं। मंगलवार को भी किसानों के गेहूं की काफी आवक की उम्मीद है।
सोमवार से मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद कराई गई है। किसानों की 3685 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। जिन किसानों की फसल मापदंड पूरे नहीं कर रही हैं, उन्हें हिदायतों के साथ फसल सुखाने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंगलवार को भी मंडी में गेहूं की खरीद जारी रहेगी।
- मुकेश कुमार, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी भिवानी।