भिवानी। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं की प्रश्नपत्र लीक मामले में ड्यूटी स्टाफ पर बगैर सबूत के एफआईआर दर्ज कराने को अनुचित करार दिया है। हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के दौरान प्रश्नपत्र लीक मामलों में परीक्षा केंद्रों के ड्यूटी स्टाफ के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर रद्द करने की मांग की है।
हसला संगठन ने सदैव नकल रहित परीक्षाओं के संचालन में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का सहयोग किया है और भविष्य में भी नकल करवाने व प्रश्नपत्र लीक मामलों में संलिप्त के खिलाफ अमल में लाई गई कार्रवाई में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामलों में ड्यूटी स्टाफ की बिना संलिप्तता के उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर उनको अनावश्यक मानसिक परेशान व सामाजिक तौर पर अपमानित किया जा रहा हैं, जो किसी भी सूरत में ठीक नहीं है। परीक्षा केंद्रों पर बिना सुरक्षा के, डर और भय का माहौल बना हुआ है। इस परिस्थिति में परीक्षा करवाना संभव नहीं है।
राज्य महासचिव अमित मनहर ने कहा कि नकल व प्रश्नपत्र लीक मामलों में संलिप्त के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा दर्ज करवाई गई सभी अन्याय संगत एफआईआर तुरंत प्रभाव से रद्द की जाएं। यदि भविष्य में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के अभाव में बाहरी हस्तक्षेप से प्रश्न पत्र लीक होने उपरांत बिना प्राथमिक जांच, बिना संलिप्तता व बिना सबूत के ड्यूटी स्टाफ की एफआईआर दर्ज करवाई जाती है, तो हसला संगठन को परीक्षाओं के संचालन से संबंधित मजबूरन कोई कड़ा कदम उठाना पड़ेगा। संवाद