बोर्ड चेयरमैन को मांग पत्र सौंपते हुए सलाह प्रतिनिधि।
भिवानी। स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डाॅ. वीपी यादव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने चेयरमैन को शिक्षकों की बोर्ड परीक्षा एवं अन्य समस्याओं से अवगत कराया। बोर्ड चेयरमैन डॉ. यादव ने तत्काल प्रभाव से आंतरिक मूल्यांकन के अंक भेजने की समय सीमा को 10 फरवरी से बढ़ाकर 14 फरवरी कर दिया। इसके अलावा उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए मानदेय बढ़ोतरी करते हुए परीक्षा केंद्र अधीक्षक के लिए भी विभिन्न प्रकार के मानदेय निर्धारित करते हुए पत्र जारी किया।
सलाह के प्रदेशाध्यक्ष गुरदीप सैनी व वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से बोर्ड चेयरमैन डॉ. यादव को मांग पत्र दिया गया। इसमें बोर्ड चेयरमैन ने उत्तरपुस्तिका अंकन कार्य के मानदेय में बढ़ोतरी की। दसवीं कक्षा के लिए 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये और 12वीं कक्षा के लिए 14 से बढ़ाकर 16 रुपये प्रति पुस्तिका प्रदान करने का निर्णय लिया है। साथ ही आंतरिक मूल्यांकन के अंक दर्ज करने की समय सीमा बढ़ाई गई।
उन्होंने बताया कि 12वीं की वार्षिक परीक्षा में लगातार पांच विषयों के पेपर होने से विद्यार्थियों के समक्ष पेश आने वाली दिक्कत को बोर्ड ने संज्ञान लेने का आश्वासन दिया। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा केंद्र से संबंधित स्कूल के मुखिया की मुख्य केंद्र अधीक्षक की ड्यूटी रहेगी और उसे किसी अन्य ड्यूटी पर नियुक्त नहीं किया जाएगा। केंद्र अधीक्षक को पेपर लाने एवं उत्तरपुस्तिका वापस जमा कराने के लिए निर्धारित मानदेय भी बोर्ड प्रदान करेगा। उड़नदस्ते या परीक्षा ड्यूटी के लिए भी शिक्षक व प्राचार्य ने उनकी इच्छा मांगी जाएगी, जिससे उन्हें दूरदराज नियुक्त नहीं किया जा सके। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में गैरहाजिर होने पर संबंधित व्यक्ति से बोर्ड द्वारा ही प्रथम दृष्टया स्पष्टीकरण लिया जाएगा। सलाह पदाधिकारियों ने बताया कि 12वीं भूगोल एवं 10वीं की साइंस विषय की प्रायोगिक परीक्षा के लिए अन्य स्कूल से परीक्षक नियुक्त करने पर भी बोर्ड से तत्काल प्रभाव से संज्ञान लिया है। साथ ही किसी विद्यार्थी के व्यक्तिगत विवरण में त्रुटि के लिए भी अवसर प्रदान करने का निर्णय बोर्ड द्वारा लिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में नवदीप कुमार, राकेश कुमार, देवेन्द्र कुमार, राजवीर, रमेश कुमार, लीलू राम, भूपेंद्र सिंह, अरुण दांगी, रविन्द्र कुमार, वीरेंद्र मलिक, पवन कुमार व केपी सिंह शामिल थे।