भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं नियमित एवं गुरुकुल और विद्यापीठ वार्षिक परीक्षा मार्च-2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन-पत्र 24 अक्तूबर से लाइव कर दिए हैं। अब परीक्षार्थी आधार (बेसिक) व मानक (स्टैंडर्ड) गणित में से किसी एक विकल्प को चुनकर गणित की परीक्षा दे सकते हैं। गणित विषय का प्रश्न-पत्र डिजाइन व पाठ्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव एवं बोर्ड सचिव ज्योति मित्तल ने बताया कि दसवीं कक्षा के परीक्षार्थियों के हित एवं गणित विषय में कठिनाई स्तर को देखते हुए शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को आधार (बेसिक) व मानक (स्टैंडर्ड) गणित में से कोई एक विकल्प चुन सकते हैं और चुने गए विकल्प में से किसी एक विषय की परीक्षा दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जो परीक्षार्थी आधार (बेसिक) गणित विषय को चुनकर दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करेगा, वह परीक्षार्थी 11वीं कक्षा में गणित विषय को अध्ययन के लिए नहीं चुन सकता। अगर वह 11वीं कक्षा में गणित विषय लेना चाहता है तो उसे जुलाई में होने वाली परीक्षा में दोबारा से मानक गणित विषय की परीक्षा पास करनी होगी। उन्होंने बताया कि केवल मानक (स्टैंडर्ड) गणित विषय में उत्तीर्ण परीक्षार्थी ही कक्षा 11वीं में गणित विषय ले सकेगा। शिक्षा बोर्ड द्वारा विद्यालयों को ऑनलाइन आवेदन भरने हेतु दिए गए लिंक पर अलग-अलग विकल्प उपलब्ध करवाया गया है। इसके अनुसार ही सभी विद्यालय मुखिया ऑनलाइन फॉर्म भरना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा दसवीं परीक्षा मार्च-2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन फाॅर्म भर दिए गए हैं तो उन विद्यालयों के लिए लिंक पुन: खोल दिया गया है। विद्यालय मुखियाओं द्वारा गणित विषय का कोई एक विकल्प आधार अथवा मानक विषय में से एक चुनते हुए आवेदन फाॅर्म में शुद्धि कर दी जाए। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि जिन विद्यालय मुखियाओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन फाॅर्म भरते समय गणित विषय भर दिया गया है और पुन: लिंक खुलने उपरांत आधार व मानक गणित में से किसी एक विषय को नहीं चुना गया है तो उस अवस्था में परीक्षार्थी का गणित विषय मानक गणित मान लिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन करने उपरांत यदि विद्यालय द्वारा किसी परीक्षार्थी के गणित विषय के विकल्प में शुद्धि करवाई जानी है तो समय रहते प्रतिवेदन और शुद्धि शुल्क के साथ विकल्प में बदलाव करवाया जा सकता है।