फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: ठप सीवरेज ने बिगाड़ा पीने के पानी का स्वाद

Mon, 08 Jul 2024 06:30 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। लीकेज की वजह से घरों में सीवर युक्त गंदा पानी पहुंच रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सीवर मैनहोल का धंसा हुआ हिस्सा तक नहीं खोज सका है। बरसात के बाद ही इस समस्या का समाधान होगा। इस अव्यवस्था ने शहर की करीब 25,000 की आबादी का पीने के पानी का स्वाद बिगाड़ दिया है। गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों को संक्रमित बीमारियों का खतरा है।
विज्ञापन

पुराने शहर के अंदर करीब चार दशक पुरानी पेयजल पाइपलाइनें हैं। ये लाइनें सीवरेज के काफी नजदीक हैं। इनमें लीकेज होने के कारण लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। हालु बाजार जोन की आपूर्ति में दादरी गेट क्षेत्र से जैन चौक फूला देवी स्कूल के पास सीवर लाइन धंसी है। इस वजह से आसपास के इलाके में लोगों के घरों तक चार माह से गंदा पानी पहुंच रहा है।
व्यवस्था वैकल्पिक के लिए अब जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एक मैनहोल पर मोटर पंप लगा दिया है, जिसका गंदा पानी दूसरे मैनहोल के अंदर डाला जा रहा है जबकि धंसी हुई सीवर लाइन को सुधार कर इसे चालू कराने पर ही इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। समस्या यह भी है कि 19 फुट गहरी इस लाइन को बरसात में खोदा नहीं जा सकता। ये काम अब बरसात के बाद ही संभव हो सकेगा।
विज्ञापन

पंप बंद होते ही नलों में आने लगता है गंदा पानी
एक मैनहोल का गंदा पानी दूसरे मैनहोल में डालने के लिए लगाया गया पंप बंद होते ही आसपास के इलाके के घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होने लगती है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में पेयजल और सीवरेज दोनों की अलग इकाइयां हैं, लेकिन इन दोनों इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी तालमेल की कमी है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है।
20 इंच का वाॅल्व लगाने के बाद टेल तक पहुंच रहा घरों में पानी
घंटाघर मुख्य बूस्टर से जुड़ी 20 इंच की लाइन पर दो नए वाॅल्व लगाए गए हैं। इसके बाद हालु बाजार जोन की पेयजल आपूर्ति में अंतिम छोर तक पानी पहुंच रहा है। शहर के घंटाघर बूस्टर से शहर के हालु बाजार जोन में डग्गयान गली, लांग्यान गली, नंदराम कटला, नंदराम कटली, घोसियान चौक तक का क्षेत्र शामिल है। मुख्य लाइन के वाॅल्व की लीकेज से लाइन में पानी का पूरा दबाव नहीं बन पाता था। इसी कारण अंतिम छोर के घरों में पानी नहीं आता था। मगर अब ये समस्या भी दूर हो गई है। इन क्षेत्रों में लंबे अर्से बाद लाइन के अंतिम छोर के घरों तक पानी पहुंचा है।
शहर में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतों का निवारण कराया जा रहा है, लेकिन जैन चौक क्षेत्र में सीवर लाइन धंसी है, जिसकी वजह से गंदे पानी की निकासी के लिए सीवर लाइन में अस्थायी पंप लगाए गए हैं, ये पंप बंद होने पर घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। बरसात के बाद सीवरेज शाखा इस समस्या का समाधान कराएगी। फिलहाल राशनिंग से ही शहर को पानी मिल रहा है। -ताजदीन, जेई, शहरी पेयजल शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भिवानी।

शहर में जहां भी सीवरेज लाइन की दिक्कत है, वहां पर फिलहाल अस्थायी व्यवस्था करा दी गई है। बारिश के बाद इन जगहों पर काम शुरू करा इन समस्याओं का स्थायी समाधान करा दिया जाएगा। पुराने शहर में कुछ जगहों पर पानी की लाइनें सीवरेज सिस्टम के बेहद नजदीक हैं, इस वजह से भी दिक्कत आती है। -सुनील कुमार रंगा, कार्यकारी अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें