बहल। बहल से सुरपुरा रोड पर रविवार शाम एक तेज स्पीड कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक जमीन पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक के पीछे आ रहे युवक के परिजन उसे गंभीर हालत में हिसार के सरकारी अस्पताल लेकर गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरपुरा खुर्द निवासी पवन ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने साथी के साथ बाइक पर बहल साइड में खेतों की तरफ जा रहे थे। उनके आगे बाइक पर उसके ताऊ का लड़का सुनील कुमार ( 35) अपनी बाइक पर जा रहा था। जब वे पवन कुमार शर्मा की ढाणी के पास पहुंचे तो सामने की तरफ से एक कार आ रही थी। कार चालक अपनी कार को तेज स्पीड व गफलत से चला रहा था। कार चालक ने उसके भाई सुनील कुमार की बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह काफी दूर तक कार में उलझकर दूर जा गिरा व गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
उसने अपने साथी के साथ सुनील को संभाला व उसे हिसार के सरकारी अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसके दो बच्चे हैं।