भिवानी। भिवानी से चंडीगढ़ के लिए तीन बसें वाया गोहाना, पानीपत होकर गईं, जबकि भिवानी से चंडीगढ़ के लिए ट्रेन का लगातार तीसरे दिन भी पहिया थमा रहा। वीरवार सुबह भिवानी रेलवे जंक्शन से हरिद्वार के लिए ट्रेन चली। इसमें करीब साढ़े चार सौ लोग हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
दो दिन से हरिद्वार की ट्रेन भी रेलवे ने बंद की हुई थी। वहीं भिवानी से दिल्ली के लिए चलीं रोडवेज बसें पीरागढ़ी से ही वापस लौट आईं। क्योंकि आईएसबीटी पर पानी भर गया। इसकी वजह से रोडवेज की बसें भारी जाम में भी कई घंटों तक फंसी रहीं।
तेज बारिश और उफान पर नदियों की वजह से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हैं। ऐसे में भिवानी से हरिद्वार, दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बस सेवा पर भी बुरा असर पड़ा है। रेलवे भी लगातार तीन दिनों से भिवानी से चंडीगढ़ यानी भिवानी-कालका ट्रेन को रद्द करती आ रही है। वीरवार को भी चंडीगढ़ के लिए ट्रेन नहीं चली। हरिद्वार के लिए सुबह छह बजे ट्रेन रवाना हुई। इसमें करीब साढ़े चार सौ लोग ऋषिकेश के लिए रवाना हुए।
श्रावण माह में हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। इसी वजह से रेलवे को ट्रेन का संचालन करना पड़ा। दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ के अध्यक्ष महावीर प्रसाद डालमिया ने बताया कि चंडीगढ़ की ट्रेन बंद होने से सैकड़ों यात्रियों को इसका नुकसान हो रहा है। रोजाना ही करीब साढ़े चार सौ लोग भिवानी व आसपास के इलाके से चंडीगढ़ आवागमन करते हैं।
152डी हाईवे पर दूसरे दिन भी नहीं चली बस
भिवानी डिपो से वीरवार को 152डी हाईवे पर कोई बस नहीं चलाई गई। रोडवेज प्रशासन की मानें तो शुक्रवार को भी 152डी के जरिये चंडीगढ़ तक जाने वाली बस सेवा बंद रहेगी। चंडीगढ़ की बस और ट्रेन सेवा बंद होने से सैकड़ों यात्रियों को परेशानी हो रही है। वहीं चंडीगढ़ हाई कोर्ट और सरकारी विभागों में कामकाज के लिए जाने वाले लोगों के काम भी अटके हैं। इसी तरह चंडीगढ़ और पंचकूला में नौकरी करने वाले कर्मचारियों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है।
152डी हाईवे पर वीरवार को बस नहीं चली। जबकि वाया रोहतक गोहाना पानीपत होते हुए तीन बसें चंडीगढ़ के लिए चली हैं। वीरवार को दिल्ली के लिए गई बस पीरागढ़ी से वापस लौट आई हैं, क्योंकि आईएसबीटी पर पानी भर चुका है। शुक्रवार को भी 152डी हाईवे पर बस बंद रहेगी।
-सुरेश कुमार, ड्यूटी इंचार्ज, भिवानी बस स्टैंड।