हरियाणा के भिवानी में बाबा खाटू श्याम के दर्शन करके घर लौट रहे एक परिवार की गाड़ी निनान बाईपास के समीप असंतुलित होकर पलट गई। इस सड़क दुर्घटना में गाड़ी सवार एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य गाड़ी सवारों को भी चोटें लगीं लेकिन वे खतरे से बाहर हैं।
मृतका की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ निवासी शांति (70) के रूप में हुई है। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के बेटे के बयार पर इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की है।
मृतका के बेटे सोनू ने बताया कि वे तीन भाई हैं। वह अपनी मां शांति, अपने तीन बच्चे, पत्नी और अन्य पड़ोसी सहित 10 लोग ईको गाड़ी में बाबा खाटू श्याम के दर्शन करने गए थे। वे शनिवार की अल सुबह बाबा खाटू श्याम के दर्शन करके रोहतक की तरफ जा रहे थे।
जब वे सुबह करीब साढ़े चार बजे भिवानी-रोहतक मार्ग पर निनान बाईपास के समीप पहुंचे तो गाड़ी का अचानक से संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे खाई में जा गिरी। राहगीरों की मदद से गाड़ी सवारों को बाहर निकाला गया और घायलों को कलानौर स्थित अस्पताल में पहुंचाया गया।
जहां उसकी माता शांति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस बारे में सूचना भिवानी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर औद्योगिक पुलिस थाना से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम कार्रवाई की।
निनान बाईपास के समीप एक सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में मृतका महिला के बेटे के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की है।
- एएसआई विनोद कुमार, जांच अधिकारी, औद्योगिक पुलिस थाना भिवानी।