भिवानी। भोपाल में 20 से 26 दिसंबर तक राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया। जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों के 360 महिला मुक्केबाजों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में जिला भिवानी से दो महिला मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई है, जबकि एक मुक्केबाज को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।
भिवानी से भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व कर रही गांव धनाना की बेटी साक्षी ढांडा सोमवार को रोहतक से रेलवे की मुक्केबाज ज्योति गुलिया के साथ फाइनल मैच में आमने-सामने होगी। दोनों ही मुक्केबाज पूर्व में यूथ की विश्व विजेता रह चुकी हैं। वहीं 81 किलोग्राम प्लस में नुपूर श्योराण भी फाइनल में उतरेंगी। इनके अलावा गांव बामला की ज्योति ग्रेवाल रविवार को हुई सेमीफाइनल मैच में हार गई, जिन्हें कांस्य पदक ही मिल पाया।
जबकि हरियाणा प्रदेश से रोहतक की बॉक्सर मंजू रानी कौशिक (48 किग्रा), गांव धामड़ जिला रोहतक की अनामिका हुड्डा 50 किग्रा, गांव रुड़की जिला रोहतक की ज्योति गुलिया 52 किग्रा, गांव रिठाल जिला रोहतक की शिक्षा नरवाल 54 किग्रा, गांव मैटोर जिला कैंथल की मनीषा मौन में 57 किग्रा, गांव बुड़क जिला हिसार की पूनम पुनिया 60 किग्रा, हिसार की शशि चोपड़ा 63 किग्रा, हिसार की स्वीटी बूरा 81 किलो, गांव आदुपुर जिला पलवल की अनुपमा कुंडू 81 किग्रो भारवर्ग में अपना दमखम दिखाएंगी।
मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हरियाणा की 11 महिला मुक्केबाजों ने फाइनल मैच में अपनी जगह बनाई है। जिसमें चार यूथ वर्ल्ड चैंपियन रिंग में उतरेंगी। इनके अलावा भिवानी की साक्षी और रोहतक की ज्योति गुलिया, निखत जरिन और अनामिका हुड्डा, अरुंधती और लवलीना आमने-सामने रिंग में उतरेंगी, जिनका मैच काफी रोमांचक रहेगा। सभी मुक्केबाजों को बधाई।
- राजनारायण पंघाल, प्रवक्ता, हरियाणा मुक्केबाजी संघ।