हरियाणा के भिवानी में पांच दिन बाद हमले में घायल गांव धनाना तृतीय निवासी हैंडबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि (20) ने उपचार के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। खिलाड़ी की मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई रविंद्र के बयान पर आठ नामजदों के विरुद्ध हत्या में केस दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में रवींद्र ने बताया कि वे दो भाई थे। उसका छोटा भाई रवि हैंडबाल का राष्ट्रीय खिलाड़ी था और यूपी के साई होस्टल में रहता था। उसका भाई सात अक्तूबर को गांव में अपने दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी देने के लिए देर रात ठेके पर शराब लेने के लिए गया था। रवि के दोस्त ने शराब ठेकेदार सन्नी से फोन पर बात की।
शराब ठेकेदार ने कहा कि वह अभी एक बंदा भेज रहा है। शराब ठेकेदार सन्नी ने बाइक से रोहित उर्फ भिंडा को ठेके पर चाबी देकर भेज दिया। रोहित ने वहां पर अंकित को देखा। इस पर रोहित ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। क्योंकि रोहित और अंकित की पुरानी रंजिश चल रही थी।
यह भी पढ़ें : सोनीपत: मेडेन फार्मास्युटिकल्स कंपनी में दवा निर्माण पर प्रतिबंध, गाम्बिया में बच्चों की मौत के बाद कार्रवाई
कुछ समय बाद एक गाड़ी में सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। उनमें चांग निवासी आकाश उर्फ विकास, गांव बलंभा निवासी सौरभ उर्फ पहलवान, गांव धनाना निवासी सुनील उर्फ बच्ची व दिनोद निवासी राबड़ी यादव थे। रवींद्र ने पुलिस को बताया कि रोहित उर्फ भिंडा ने अपने साथियों से कहा कि अंकित को मजा चखा दो।
इसके बाद आरोपियों ने डंडों से रवि, जयेंद्र व अंकित पर हमला बोल दिया। यहां से भागते समय रवि और उसके दोस्तों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया गया। इस हमले में रवि को गंभीर चोटें आई। सूचना मिलने पर परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान बुधवार को रवि ने दम तोड़ दिया।
सदर पुलिस ने धनाना निवासी रवींद्र के बयान के आधार पर रवि की हत्या के मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
-रमेशचंद्र, प्रभारी, सदर पुलिस थाना भिवानी।