भिवानी। स्थानीय सेक्टर 13 स्थित चौ. बंसीलाल राजकीय बहुतकनीकी में डिप्लोमा कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी 24 अगस्त तक विभाग की वेबसाइट टेकएडमिशनएचआरवाईडॉटजीओवीडॉटईन पर प्रथम काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
संस्थान के प्रधानाचार्य बृजमोहन ने बताया कि संशोधित तिथियों के अनुसार तीन साल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स की अंतिम तिथि 24 अगस्त कर दी गई है व लैटरल एंट्री द्वारा दो वर्ष के डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स में आवेदन करने की तिथि 23 अगस्त कर दी गई है। विद्यार्थी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लेने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं व अन्य जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
संस्थान में छह डिप्लोमा कोर्स की 300 सीटों पर दाखिला के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त चौ. बंसीलाल राजकीय बहुतकनीकी, भिवानी में दस्तावेज सत्यापन का काम भी जारी है। इस संबंध में संस्थान द्वारा एडमिशन सेल में हेल्पलाइन स्थापित की गई है, जो एडमिशन लेने की इच्छुक विद्यार्थियों की पूरी तरह सहायता करती है। इसके अतिरिक्त आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को एडमिशन में हरियाणा सरकार के नियमानुसार सीटों में आरक्षण का लाभ दिया गया है, जिसके लिए उनको संबंधित प्रमाण पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा।