38 फोटो लोहारू क्षेत्र में एक माइनर का इलाके के लोगों के साथ निरीक्षण करते हुए कृषिमंत्री जयप्रका?
- फोटो : Bhiwani
बहल। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि लोहारू क्षेत्र में नहरी पानी की उपलब्धता के लिए विस्तृत योजना बनाई जा रही है। इसके लिए लोहारू क्षेत्र की सबसे लंबी नहर सोरा डिस्ट्रीब्यूट्री के लिए 36 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा मंढ़ोली माइनर के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की राशि की मंजूरी मिली है। दोनों नहरों के नवनिर्माण से क्षेत्र के कई किसानों को सीधा लाभ मिल सकेगा।
जेपी दलाल ने बताया कि नहरों पर खर्च की जाने वाली राशि के लिए उनकी मांग पर प्रदेश के सीएम मनोहर लाल ने अपनी स्वीकृति दे दी है। प्रदेश सरकार हर खेत को सिंचाई के लिए पानी दिए जाने के उद्देश्य के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र में जो भी खस्ताहालत नहर, माइनर या सब माइनर होगा उसका पुनर्निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर से आग्रह कर खरीफ 2021 की खराब हुई फसलों का लंबित करीब 150 करोड़ का मुआवजा मंजूर किया है, जो जल्द ही किसानों के खातों में डाल दिया जाएगा।
योजना से 35 गांव होंगे लाभान्वित
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि सोरा डिस्ट्रीब्यूटरी लोहारू की सबसे लंबी नहर है। इसकी लंबाई 160 बुर्जी की है। लंबे अरसे से इसकी देखरेख नहीं होने से यह जीर्णशीर्ण अवस्था में पहुंच गई थी। उनके आग्रह पर सीएम मनोहर लाल ने करीब 36 करोड़ से अधिक की लागत से इसके पुनर्निर्माण की स्वीकृति दी है। सोरा डिस्ट्रीब्यूटरी लोहारू कैनाल से निकलती है, जिसके पुनर्निर्माण से करीब 35 गांव लाभान्वित होंगे। वहीं, मंढ़ोली माइनर के पुनर्निर्माण के लिए भी सरकार ने पौने तीन करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। इस माइनर की लंबाई 20 बुर्जी की है।