भिवानी। रेल मंत्री प्रभु के दूसरे रेल बजट में भिवानी को सौगात मिला है। इसमें भिवानी-लुहारु तक नई रेल बिछाई जाएगी। 64 किलोमीटर लंबी इस रेल मार्ग को बनाने में 1280 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा भिवानी स्टेशन पर एस्कलेटर्स और लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। भिवानी और हिसार में बनने वाले एस्कलेटर्स पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। भिवानी-लुहारु के बीच नई रेल लाइन बिछने से इस मार्ग पर आने वाले कई गांवों के लोगों को सुविधा होगी। वे लोग भिवानी के माध्यम से अन्य रेल लाइन से जुड़ जाएंगे। काफी पुरानी मांग पूरी होने पर लोगोें ने प्रसन्नता जताई है। इसके अलावा अन्य मांगें पूरी नहीं होने पर लोगों और राजनीतिक दलों ने नाराजगी भी जाहिर की है। महिलाओं व बुजुर्गों के के लिए सीटों में आरक्षण, मॉडल स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने के फैसलों को तो अच्छा बताया। केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु के रेल बजट के लिए लोग लोग टीवी से चिपके नजर आए। उनकी हर बात को ध्यान से सुना। जब भिवानी की किसी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो लोगों को निराशा हुई। पिछले दिनों कुछ नेताओं की ओर से हुई बयानबाजी के बाद लोगों को ज्यादा उम्मीद थी कि भिवानी-हरिद्वार, भिवानी-खाटूश्याम के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने के अलावा कुछ ट्रेनों का विस्तार होगा। मगर भिवानी में उम्मीदों की ट्रेनों पर ब्रेक लग गया। न आरयूबी मिले और न ही ट्रेनों का विस्तार हुआ। लोगों का कहना है कि हिसार-लुधियाना ट्रेन का भिवानी तक विस्तार हो सकता था। गुड़गांव-रेवाड़ी ट्रेन का भिवानी तक विस्तार हो सकता था और कोई अतिरिक्त खर्च भी नहीं आता।