बावडी गेट पर बाजार बंद कर नारेबाजी करते दुकान मालिक।
भिवानी। शरारती तत्वों की गुंडागर्दी के विरोध में सोमवार दोपहर को बावड़ीगेट क्षेत्र के दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। दुकानदारों ने बावड़ीगेट क्षेत्र की मार्केट बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। वहीं इलाके के दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई नहीं होने की सूरत में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर जाम लगाने की चेतावनी दी।
दुकानदारों का आक्रोश इसलिए भी बढ़ गया, क्योंकि पुलिस चौकी से लेकर थाना और पुलिस आला अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं। मगर शरारती तत्वों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। दुकानदारों के प्रदर्शन के दौरान जैन पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों से बात की। वहीं दुकानदारों ने हाईवे पर जाम लगाने का भी प्रयास किया।
बावड़ीगेट क्षेत्र के दुकानदार सुभाष जांगड़ा, जिले सिंह, शिवा, भीम सैनी, बजरंग, राजेश, संदीप यादव, धर्मपाल, मोहित, राकेश सैनी, अनिल जांगड़ा, धर्मबीर के साथ सुरेश प्रजापति ने बताया कि बावड़ी गेट पर एक पुरानी बावड़ी है। जिसके नाम पर ही इस इलाके का नाम बावड़ी गेट पड़ा है। करीब एक हजार वर्गगज में फैली इस बावड़ी पर अवैध रूप से कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। जहां पर असामाजिक तत्व अपनी अनैतिक गतिविधियां चलाते हैं और नशा भी करते हैं। इलाके के दुकानदारों का आरोप है कि आसपास के दुकानदारों से भी अवैध वसूली की जा रही है। मना करने पर दुकानदारों को हथियार दिखाकर धमकी दी जा रही है। इस मामले में दुकानदारों ने पहले भी पुलिस चौकी और औद्योगिक पुलिस थाना में शिकायतें दर्ज कराई। कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस अधीक्षक से भी इलाके के दुकानदार मिले और वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया तो विधायक से भी व्यापारियों ने अपनी शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बावजूद भी इलाके के दुकानदारों से न तो अवैध वसूली बंद हुई और न ही दुकानदारों को शरारती तत्वों द्वारा डराना धमकाना रुका।
इसी को लेकर सोमवार को दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर बावड़ीगेट से विकास नगर कॉलोनी चौक पर एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान दुकानदारों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की तो वे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर जाम लगा देंगे और तब तक नहीं उठेंगे जब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती। इस दौरान जैन पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारियों की शिकायत पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद दुकानदार शांत हुए और करीब ढाई घंटे बाद बाजार खोला गया।