भिवानी। भिवानी के हांसी गेट पर बैप्टिस्ट चर्च की विवादित भूमि प्रकरण में निलंबित तहसीलदार रवींद्र से स्टेट विजिलेंस की एसआईटी ने रिमांड के दौरान सात मोबाइल फोन और 95500 रुपये की राशि बरामद की है। इसके बाद उसे जेल भेजा गया है। मोबाइल फोन के नंबरों की जांच सें अब एक के बाद एक कई राज खुलने का अंदेशा है।
पुलिस का दावा है कि तहसीलदार से बरामद सात मोबाइल फोन इस कांड में बड़े चेहरों को भी बेनकाब कर सकते हैं। फिलहाल इन मोबाइलों का डाटा और किस-किस से बात हुई हैं इसकी कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। इस प्रकरण में कई सफेदपोशों से भी तार जुड़े होने की आशंका हैं।
भिवानी की बैप्टिस्ट चर्च की 12342 वर्गगज जमीन को एक करोड़ 72 लाख रुपये में बेचने की कोशिश में पुलिस निलंबित तहसीलदार रवींद्र कुमार मलिक सहित सात लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है। इस प्रकरण में अब ताजा पूछताछ भिवानी तहसील कार्यालय के एक गिरदावर से भी हो रही है। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि निलंबित तहसीलदार कई बड़े नेताओं के संपर्क में थे। इनसे वे सीधे बात करते थे। मोबाइल फोन के नंबरों की जांच से कई बड़े राज खुलने का अंदेशा है। पुलिस के द्वारा बरामद किए फोन नंबरों में सारे निजी नंबर हैं। एक अधिकारी एक ही साथ सात मोबाइल फोन रखता है तो ये भी बड़ा संदेहास्पद और बड़े स्कैंडल की तरफ इशारा कर रहा है।
अभी इस मामले में किसी की नई गिरफ्तारी नहीं की गई है। फिलहाल निलंबित तहसीलदार रवींद्र कुमार मलिक को रिमांड के बाद जेल भेजा गया है। उससे गिरफ्तारी के बाद सात मोबाइल फोन और 95500 रुपये की राशि बरामद हो चुकी है। मामले की गहनता से जांच चल रही है।
- सुमित कुमार, इंचार्ज एसआईटी एवं डीएसपी स्टेट विजिलेंस टीम।