भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर गांव खरककलां के समीप एक ऑटो रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। इससे ऑटो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक भी घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं सदर पुलिस ने मृतक युवक के शव का बुधवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया।
सदर थाना पुलिस को दिए बयान में गांव गुजरानी निवासी आमीर खान ने बताया कि वे तीन भाई और एक बहन हैं। उसका सबसे छोटा भाई 20 वर्षीय दीनू रोहतक रोड स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था। उसका भाई मंगलवार को गांव खरक कलां में वेल्डिंग का काम करने के लिए गया हुआ था। शाम को वह खरक कलां बस स्टैंड से भिवानी आने के लिए एक ऑटो रिक्शा में सवार हुआ था। उसने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज रफ्तार से चला रहा था और अचानक आगे कुत्ता आ गया। कुत्ते को टक्कर मारने के बाद ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। उसका आरोप है कि चालक की लापरवाही से ये हादसा हुआ है, जिसमें उसके भाई की जान गई है।
वहीं सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एचसी मुकेश ने शव का बुधवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। आमीर खान ने बताया कि दीनू अविवाहित था और मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।