भिवानी। शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने के शक में एक युवक की पिटाई कर डाली। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कालुवास निवासी महेंद्र ने बताया कि वह ट्रैक्टर से ईंट-भट्ठों से ईंट सप्लाई का काम करता है।
गत 11 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे भगत सिंह चौक से ट्रैक्टर-ट्राली को खाली कर अपने गांव कालुवास जा रहा था। इसी दौरान उसके गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ झगड़ा किया और मारपीट कर दी। उसने बताया कि करीब तीन माह पहले शराब बेचने की सूचना पुलिस को दी गई थी। जिस पर आरोपी उस पर शक कर रहे थे। इसी को लेकर उसे धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।