भीम स्टेडियम में सेना भर्ती तैयारियों का जायजा लेते एसडीएम संदीप अग्रवाल, सेना के अधिकारी व अन्य?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। एसडीएम एवं सेना भर्ती के जिला नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने भीम स्टेडियम में सेना भर्ती रैली स्थल का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सेना भर्ती रैली स्थल की तैयारियों का जायजा लेते एसडीएम अग्रवाल ने कहा कि 12 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि भर्ती में भिवानी जिले के साथ-साथ चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी जिले के युवा भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी के पद के लिए तोशाम, बवानीखेड़ा, लोहारू, दादरी, बाढड़ा, बहल और 19 नवंबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए भिवानी व सिवानी के युवा भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को अग्निवीर क्लर्क या स्टोर कीपर पद के लिए जिला भिवानी के साथ-साथ भिवानी जिला के सभी तहसीलों के युवा व 23 नवंबर को अग्निवीर तकनीकी पद के लिए भिवानी जिले के सभी तहसीलों के युवा भाग लेंगे। इसी प्रकार 24 नवंबर को अग्निवीर ट्रेड्समैन पद के लिए भिवानी जिले के सभी तहसीलों के युवा भाग लेंगे। एसडीएम ने बताया कि रैली में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ केवल आवश्यक दस्तावेज ही रैली स्थल पर ले जाने की इजाजत दी जाएगी। कोई भी व्यक्ति अपने साथ कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण व मोबाइल साथ लेकर रैली में भाग नहीं ले सकता।
उन्होंने रैली स्थल के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार की जाने वाली व्यवस्थाओं बारे संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने स्टेडियम परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का भी विस्तार से जायजा लेकर इस बारे संबंधित विभाग को निर्देश दिए। इस मौके पर भर्ती प्रबंधक आनंद सांकले, जिला खेल अधिकारी जेजी बेनर्जी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।