जम्मू कश्मीर के बारामूला में तैनात भारतीय सेना के जवान चंद्रमोहन की पेट्रोलिंग के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वह अन्य जवानों के साथ पेट्रोलिंग के लिए गाड़ी में जा रहा था कि जहां अचानक से उसकी राइफल से गोली चल गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर उनके घर सहित पूरे झांवरी गांव में मातम छा गया। जवान के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए शुक्रवार दोपहर को झांवरी में लाया जाएगा। जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांव झांवरी निवासी जितेंद्र ने बताया कि वे दो भाई और एक बहन है। उनका छोटा भाई 29 वर्षीय चंद्रमोहन वर्ष 2015 में भारतीय सेना में टेक्निकल पोस्ट पर भर्ती हुआ था। चंद्रमोहन की फिलहाल जम्मू कश्मीर के बारामूला में पोस्टिंग थी।
यह भी पढ़ें : आदमपुर उपचुनाव: कार्यकर्ताओं से पूछकर प्रत्याशी घोषित करेगी इनेलो,बसपा का चुनाव लड़ने से इनकार
गुरुवार दोपहर में उन्हें सेना के अधिकारियों के माध्यम से सूचना मिली कि चंद्रमोहन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अन्य जवान के साथ पेट्रोलिंग पर गया हुआ था। अचानक की उसकी राइफल से गोली चल गई, जोकि उसके माथे में लग गई। गोली लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर उनके घर सहित पूरे गांव में मातम छा गया।
महज 20 दिन के कर्ण के सिर से उठा पिता का साया
जितेंद्र ने बताया कि चंद्रमोहन को करीब 20 दिन पहले बेटा हुआ था। अचानक से हुई घटना के कारण महज 20 दिन के कर्ण और तीन वर्षीय बेटी पलक के सिर से पिता का साया उठ गया। चंद्रमोहन की पत्नी प्रगति, पिता जयसिंह, मां, भाई जितेंद्र सहित पूरा परिवार ही सदमे में है। जितेंद्र ने बताया कि चार नवंबर को चंद्रमोहन छुट्टी लेकर घर आना था, जिसकी टिकट भी बन चुकी थी। अचानक से हुई घटना के कारण पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया।