खरक। कांग्रेस के भिवानी ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी शनिवार को कलिंगा गांव पहुंचे और हाल ही में मकान के मलबे में दबकर एक ही परिवार की तीन लड़कियों की दर्दनाक मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया और पंडित नेकीराम शर्मा के प्राचीन निवास स्थान पर पहुंचकर उनके पड़पोते दिनेश शर्मा से मुलाकात की।अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि बेटियों की दर्दनाक मौत अत्यंत दुखद है। उन्होंने सरकार से अपील की कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि अन्य गांव के ग्रामीण ऐसी समस्याओं से न जूझें। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हुआ है, कई परिवार पलायन कर चुके हैं, खाली मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं और हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है। इस मौके पर अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद थे।