भिवानी। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गरीब व आमजन की हितैषी है। सरकार अनुसूचित जाति व गरीब लोगों को उनका हक दे रही है। प्रदेश सरकार की ओर से अनुसूचित जाति के 660 किसानों के लिए ट्रैक्टर ड्रा निकाले जा रहे हैं। इन पर करीब 20 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में ट्रैक्टरों का ड्रा निकालने के दौरान किसानों को कृषि मंत्री संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग का बजट बढ़ाया गया है। इस दौरान कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन सिस्टम से 54 ड्रा निकाले गए। प्रदेश में 1200 करोड़ रुपये जलभराव की समस्या के समाधान के लिए मंजूर किए गए हैं। प्रदेश में 25 हजार एकड़ कृषि योग्य भूमि को सेम से निजात दिलाई गई और अब मौजूदा वित्त वर्ष में 50 हजार एकड़ सेमग्रस्त भूमि को कृषि योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड शुरु किए गए हैं, ताकि गरीब आदमी एक लाख 60 हजार रुपये का ऋण बिना किसी सिक्योरिटी के ले सके। उन्होंने कहा कि पशुओं के उपचार के लिए 200 एंबुलेंस गाड़ियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. आत्माराम गोदारा ने विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने ड्रा की ऑनलाइन प्रक्रिया की पारदर्शिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एडीसी के लिंक ऑफिसर एवं सीईओ जिला परिषद मनोज दलाल, जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक, भाजपा जिला प्रधान शंकर धूपड़, महामंत्री हर्षवर्धन मान, राजबाला श्योराण, मुकेश पहाड़ी, जिला परिषद सदस्य रविंद्र मंढोली, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. देवीलाल, डीएफओ सिकंदर सांगवान, एसडीओ सतबीर शर्मा, डॉ. संजय मेचू, डॉ. मुरारी लाल, क्रसर यूनियन के प्रधान कृष्ण मलिक व अन्य नागरिक मौजूद रहे।