संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। राव तुलाराम स्टेडियम में चार से 16 दिसंबर 23 तक आयोजित भर्ती रैली के अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन सामान्य प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस योग्यता सूची में अधिकतम उम्मीदवारों के साथ सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी ने पूरे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। सभी सफल उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के लिए भेजने तक आगे की कार्यवाही के लिए उन्हें सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी कार्यालय में यथाशीघ्र संपर्क करना होगा।
सेना भर्ती कार्यालय से कर्नल आनंद साकले ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी में चयन योग्यता में अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 651 उम्मीदवार, अग्निवीर टेक्निकल के 57 उम्मीदवार हैं, अग्निवीर ट्रेड्समैन के 18 उम्मीदवार हैं। अग्निवीर जीडी के एक उम्मीदवार और हवलदार एसवीवाई ऑटो कार्टो के भी पांच उम्मीदवारों का चयन हुआ है।
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी हरियाणा के चार जिलों चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के लिए जिम्मेदार है। सभी सफल उम्मीदवार 28 फरवरी से प्रशिक्षण के लिए संबंधित रेजिमेंटल केंद्रों को भेजे जाएंगे। इसके लिए वह सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी कार्यालय को रिपोर्ट करेंगे।
पैराशूट के लिए वालंटियर जाने वाले अग्निवीर तत्काल सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी में रिपोर्ट करेंगे। पैराशूट के लिए वालंटियर जाने वाले अग्निवीर उम्मीदवारों को स्क्रीनिंग टेस्ट भी देना होगा। इसका आयोजन अंबाला कैंट में होगा।