पिछले काफी अर्से से हवा में बढ़ रहे प्रदूषण की वजह से भिवानी का एक्यूआई भी 400 पार कर गया था। वीरवार को एक्यूआई 334 दर्ज किया गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह हल्की बारिश के बाद ही हवा में छाई प्रदूषण की धुंध भी छट गई। इसके बाद एक्यूआई 209 तक आ गया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर परिषद द्वारा ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंध नहीं किए जाने पर नोटिस भी दिया है। इसमें व्यवस्था ठीक नहीं होने तक हर माह एक लाख जुर्माना वसूले जाने का प्रावधान किया है। सबसे अधिक गंभीर तो डंपिंग यार्ड के आसपास की खराब हुई हवा का सैंपल फेल आना है। इसके बाद से ही नगर परिषद अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्योंकि पहले ही दादरी रोड के डंपिंग यार्ड को शहर से बाहर स्थानांतरण की मांग उठ चुकी है और इसको लेकर आंदोलन भी हो चुका है। ऐसे में यहां की हवा का बेहद खराब होना आसपास के ग्रामीणों की सेहत के लिए भी बड़ा खतरा है। शुक्रवार को आई हल्की बारिश ने एक बार तो प्रदूषण की धुंध को हवा से छट गई है। इससे दिवाली तक लोगों को राहत की उम्मीद है। दिवाली पर आतिशबाजी होती है तो प्रदूषण का स्तर फिर से अचानक बढ़ सकता है।
गेहूं की बिजाई में जुटे किसान
किसान रबी सीजन में सरसों की अधिकांश बिजाई कर चुके हैं। मगर अब किसान गेहूं की अगेती बिजाई में जुटे हैं। इस समय हुई हल्की बारिश भी किसानों के लिए काफी फायदेमंद रहेगी। जिन किसानों के खेतों में फसल अवशेष जले हैं, उनके खेतों में भी अब राख बारिश के बाद जम जाएगी, जो तेज हवा के साथ प्रदूषण नहीं बढ़ाएगी। गेहूं बिजाई का सिलसिला एक पखवाड़े तक चलेगा।
बारिश से बनी शहर की सड़कों पर कीचड़ की स्थिति
हल्की बारिश से शहर में मुख्य सड़कों पर कीचड़ फैल गया। क्योंकि कई जगह सड़क अधर में पड़ी हैं, जिन पर हल्की बारिश में वाहनों की आवाजाही से कीचड़ फैल गया। कई जगह अधूरे डिवाइडरों पर भी धूल उड़ रही थी जो अब जम जाएगी।
बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है। लेकिन स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से निरीक्षण किया जा रहा है। जहां पर भी नियमों की उल्लंघन मिलेगी उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
-कपिल सिंह, एसडीओ जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भिवानी।