भिवानी। रोडवेज विभाग अब मेरठ के बाद यमुनानगर व डबवाली के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए विभाग की तरफ से संबंधित डिपो के अधिकारियों से गुफ्तगु करनी शुरू कर दी गई है। अगर बात सिरे चढ़ी तो अगले सप्ताह बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
मंगलवार को ही रोडवेज विभाग की तरफ से जिले से मेरठ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है। यह बस रोहतक, दिल्ली, मोदीपुर होते हुए मेरठ तक पहुंचेगी। इससे बीच में पड़ने वाले रूटों के यात्रियों को भी नई बस की सुविधा मिली। वहीं, यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए विभाग ने यमुनानगर व सिरसा के डबवाली के डिपो अधिकारियों से बातचीत शुरू कर दी है। इसके लिए भिवानी बस डिपो अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर चुका है। विभाग को उक्त दोनों डिपो से मंजूरी मिलने की देर है। इन रूटों पर फिलहाल कोई भी सीधी बस सेवा संचालित नहीं है।
चंडीगढ़ जाने वाली बस सेवा कुछ समय के लिए स्थगित
मंगलवार को रोडवेज विभाग ने मेरठ के लिए बस सुविधा शुरू की है। मेरठ के लिए जाने वाली बस का समय भिवानी डिपो से करीब सवा एक बजे का निर्धारित किया गया है। जबकि दोपहर करीब एक बजकर पचास मिनट पर चंडीगढ़ जाने वाली बस की सेवा कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई है।
यमुनानगर व डबवाली डिपो पर जिले से सीधी बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई है। इस संबंध में यमुनानगर व डबवाली डिपो के अधिकारियों से बातचीत हुई है। संभवत: अगले सप्ताह से बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
- नेत्रपाल खत्री, रोडवेज महाप्रबंधक, भिवानी।