भिवानी जिले में लोहारू के सीएचसी में शव गृह के बाहर बैठे मृतका के परिजन।
लोहारू (भिवानी)। कस्बे के वार्ड नंबर पांच में बुधवार की दोपहर बेटे ने मां की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने हत्या में प्रयुक्त चाकू लेकर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के समय घर पर मां-बेटे के अलावा कोई नहीं था। वहीं, मृतका के देवर की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्यारोपी मनोरोगी बताया जाता है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर महिला लाली और उसका बेटा नरेश घर पर ही थे, जबकि लाली के दूसरे बेटे के बच्चे भी स्कूल गए हुए थे। इस दौरान मौका पाकर युवक नरेश ने अपनी मां की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने बाद में अपनी मां के शव को चारपाई पर रखकर उस पर चादर ओढ़ा दी। इसके बाद उसने अपने खून से सने कपड़ों को उतारकर स्नान किया। इसके बाद, आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त चाकू लेकर पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस के समक्ष वारदात कबूल ली। घटना की सूचना मिलते ही लोहारू थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहारू सीएचसी भेज दिया।
थाना प्रभारी मदन कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर पांच निवासी सोमवीर सिंह की शिकायत पर युवक नरेश (21) के खिलाफ करीब 50 वर्षीय मां लाली की हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया है। हत्या आरोपी युवक नरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने उसे मनोरोगी बताया है।