भिवानी। स्वास्थ्य विभाग की टीम के निरीक्षण के बाद नागरिक अस्पताल की बिगड़ी व्यवस्था भी अब सुधरने लगी है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने खामियों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कर्मचारियों को इन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारी भी अस्पताल के वार्डों में एक-एक कमी को दूर करने में जुट गए। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने वार्डों से लेकर लैब तक निरीक्षण में कई खामियां गिनाई थीं। इसके बाद उन खामियों को दूर कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
अधिकारियों के दिशा निर्देश दिए जाने के बाद नागरिक अस्पताल के कर्मचारी अब अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में जुट गए हैं। हाल ही में रेवाड़ी से निरीक्षण करने आई डाॅक्टरों की टीम के सामने अस्पताल परिसर में निरीक्षण के दौरान कई तरह की खामियां सामने आई थीं। इसके बारे में अधिकारियों की ओर से सख्त हिदायतें और जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए। इसके बाद अस्पताल कर्मचारी भी हरकत में आ गए है।
हाल ही में सरकार की ओर से भी स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है और दूसरी ओर तीन अक्तूबर को एक और टीम नागरिक अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए आ रही है। इसी कड़ी में नागरिक अस्पताल परिसर में अस्पताल के कर्मियों के द्वारा रविवार को सफाई अभियान चलाया गया। इसमें कर्मचारी अस्पताल परिसर के वार्डों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करते नजर आए।
विज्ञापन
सरकार की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिस कड़ी में नागरिक अस्पताल में भी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आदेश जारी किए है। आम दिनों के लिए भी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।