राहुल सांगवान को पगड़ी पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई देते परिजन व अन्य लोग।
भिवानी। गांव मिताथल निवासी राहुल को यूपीएससी परीक्षा परिणाम में 508वीं रैंक मिली है। यह बात जानकर राहुल व उनके परिजनों के साथ ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। घर व फोन पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इससे पहले फरवरी 2022 में घोषित एचसीएस के परिणाम में भी राहुल ने 27 वीं रैंक हासिल की थी। वे फिलहाल हीपा गुरुग्राम में प्रशिक्षण पर थे।
राहुल की माता उर्मिला आंगनबाड़ी वर्कर हैं। राहुल के पिता नीर गांव में ही बाबा खूबी नाथ के नाम से 10वीं कक्षा तक का स्कूल का संचालन करते है। यूपीएससी में बेटे का चयन होने पर पिता नीर और माता उर्मिला ने राहुल को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। राहुल के यूपीएससी में चयन होने पर पूर्व सरपंच सुखबीर, दिलबाग सिवाच, रणबीर, प्रदीप सांगवान, मास्टर सुभाष, मास्टर पवन, सुरेंद्र, रणवीर, चरणा पटवारी, बिल्लू, जयबीर, प्रतीक व अनेक ग्रामीणों ने राहुल को घर जाकर शुभकामनाएं दी। वहीं, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सत्यजीत पिलानिया, पूर्व प्रधान देवेंद्र सोढ़ी, हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता एवं अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने भी राहुल को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाने की थी इच्छा
राहुल ने बताया कि उनका मुख्य विषय राजनीति विज्ञान रहा है। उन्होंने छह से सात घंटे नियमित रूप से पढ़ाई की है। उन्होंने अपने पिता के स्कूल से ही आठवीं की परीक्षा 96 प्रतिशत अंकों से, 10वीं की परीक्षा 98 प्रतिशत अंकों से, 12वीं की परीक्षा श्रीराम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौंद से 97 प्रतिशत और बीएससी की परीक्षा सेंट स्टीफन कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी से 76 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। सीबीएलयू से 2020 में राजनीतिक शास्त्र विषय में एमए 70 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। उन्होंने बताया कि उनकी रूची बचपन से ही भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने की थी और उनके माता-पिता और ताऊ सरवर ने हमेशा उनको प्रेरित किया। एचसीएस में चयन होने के बाद उनका हौंसला और अधिक बढ़ गया था। उन्होंने घर पर रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की।