भिवानी। जिला बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं की हड़ताल मंगलवार को लगातार 8वें दिन भी जारी रही। कोर्ट परिसर में भी जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सत्यजीत पिलानिया के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने रोष जताया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान सत्यजीत पिलानिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपने घमंड के वशीभूत होकर अपनी मनमानी कर रहा है। इसके चलते आम शिकायतकर्ता भी पुलिस के पास जाने से डरता है। उन्होंने कहा कि जब डीएसपी स्तर के अधिकारी अधिवक्ताओं से दुर्व्यवहार करने में नहीं कतराते है, तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करते होंगे।
उन्होंने कहा कि यह पुलिस प्रशासन की हठधर्मिता है कि लोगों को न्याय दिलाने वाले अधिवक्ता स्वयं न्याय पाने के लिए पिछले 8 दिनों से संघर्षरत्त हैं। लेकिन कही कोई सुनवाई नहीं हो रही। पिलानिया ने कहा कि जब तक आरोपी डीएसपी को सस्पेंड कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर उपप्रधान रवि राय, पूर्व उपप्रधान मुकेश गुलिया, ऑडिटर रविंद्र ग्रेवाल, संयुक्त सचिव राकेश जोगी, ओमपाल पोटलिया, मनोज तंवर, सतेंद्र घणघस, नरेंद्र पंघाल मौजूद रहे।