भिवानी। कॉलेज में स्नातक के विभिन्न कोर्सों में दाखिला लेने के लिए पिछले तीन दिनों से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है। लगातार तीसरे दिन भी पोर्टल में काफी दिक्कतें आईं, जिसमें मुख्य कारण एक साथ प्रदेश भर के विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन करना माना जा रहा है। बार-बार पोर्टल पर आ रही दिक्कतों के कारण विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन करने में देरी हो सकती है। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को सत्यापन के लिए देर शाम 14 आवेदन आए हैं, जिसके सत्यापन के लिए एडमिशन कमेटी जुटी है। इसके अलावा जिले के अन्य कॉलेजों में विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाया हुआ है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापित होने के बाद 12 अगस्त को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए कुछ विद्यार्थी साइबर कैफ तो कुछ विद्यार्थी अपने घर बैठे ही कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल से ऑनलाइन आवेदन कर रहे है। पोर्टल में आ रही दिक्कतों की वजह से वे घंटों पर साइबर कैफे में बैठें रहते है और बिना आवेदन के ही घर लौट रहे है।
ये दस्तावेज जरूरी:
दाखिले के लिए विधार्थियों को दसवीं और बारहवीं कक्षा का प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, परिवार आईडी, एससी/बीसी प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र, विधार्थी की ईमेल आईडी, विधार्थी का मोबाइल नंबर, स्कैन किए गए हस्ताक्षर, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक अकाउंट नंबर, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र की जरूरत होगी।
यह रहेगा एडमिशन का शेड्यूल
- ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि - आठ अगस्त।
- दस्तावेजों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन की तिथि - दो से नौ अगस्त तक।
- पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी - 12 अगस्त।
- पहली मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों के पास फीस जमा करवाने की तिथि -13 से 16 अगस्त तक।
- दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी- 19 अगस्त।
- दूसरी मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों के पास फीस जमा करवाने की तिथि- 20 से 23 अगस्त तक।
- कक्षाएं शुरू होंगी- 22 अगस्त से।
- खाली सीटों को भरने के लिए दोबारा पोर्टल खुलेगा- 26 अगस्त
वर्जन::
कॉलेजों में स्नातक में दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अनेक विद्यार्थियों द्वारा एक साथ लॉगइन करने की वजह से पोर्टल धीमा हो गया है, जिसके कारण ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कतें आ रही हैं। विद्यार्थी आवेदन के दौरान दस्तावेजों की जांच ठीक तरह कर लें और फॉर्म भरने से पहले सभी ऑप्शन देखकर ही भरें।
- प्रो. रेखा शर्मा, नोडल ऑफिसर, राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, भिवानी।