मुंढाल। सरकार के निर्देशानुसार सामुदायिक पुलिसिंग और हरियाणा उदय के तहत बुधवार को गांव मुंढाल खुर्द के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आउटरीच कार्यक्रम किया। कार्यक्रम में एडीसी अनुपमा अंजलि ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर लोगों की 104 समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड व पेंशन संबंधी त्रुटियों को दुरुस्त किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का मेडिकल चेकअप किया और चिरायु कार्ड बनाए गए। इस दौरान एसडीएम दीपक बाबू लाल करवा भी मौजूद रहे। एडीसी अंजलि ने कहा कि जिले में सामुदायिक संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर हरियाणा उदय के तहत आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां एक तरफ लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ नागरिकों को योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों को ऑनलाइन माध्यम से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का हरसंभव प्रयास है कि लोगों को बिजली, पानी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रखें। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्कूल में पौधरोपण किया। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने रखीं ये समस्याएं
एडीसी अंजलि ने ग्रामीणों की परिवार पहचान पत्र, पेंशन, खेतों में जलभराव, पेयजल, गली निर्माण, मकान निर्माण राशि दिलवाने बारे, आयुष्मान कार्ड बनवाने, अवैध निर्माण हटवाने संबंधी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव में सब डिविजन स्तर के अस्पताल का निर्माण करवाने, स्कूल में स्टाफ पूरा करवाने, तालाबों में साफ पानी डलवाने, जलघरों के टैंकों की सफाई करवाने, रोड स्पीड ब्रेकर बनवाने, रेलवे पुल के नीचे से पानी निकलवाने, धानक बस्ती से स्कूल की तरफ रास्ते का निर्माण करवाने, खेतों का रास्ता पक्का करवाने, पानी निकासी के लिए सिंचाई विभाग द्वारा डाली जा रही पाइप लाइन कार्य में तेजी लाने, धोले कुएं का जीर्णोद्धार करवाने की मांग की। एडीसी ने समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जीएम रोडवेज डॉ. नेत्रपाल खत्री, तहसीलदार आदित्य रंगा, डीडीपीओ रविंद्र दलाल, डीएफओ सिकंदर सांगवान, डीएचओ देवीलाल, बीडीपीओ सोमबीर कादयान,एसडीओ पशुपालन प्रदीप कालीरामन, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईन प्रमोद कुमार, मुंढाल खुर्द के सरपंच हर्षवीर, मुंढाल कलां के सरपंच विनोद कुमार, प्राचार्य नवाब सिंह, डॉ. राजेश ग्रेवाल, तहसील कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार मौजूद रहे।