मुंढाल कलां। गांव धनाना में एक हादसे ने जिला परिषद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार को ही थाम दिया। दरअसल शुक्रवार दोपहर बाद गांव धनाना ब्रह्मचारी मंदिर के पास 11 केवी बिजली तारों के करंट की चपेट में आए दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद चुनावी प्रचार के काफिले का शोर गुल थम गया और अचानक ही माहौल बदल गया। दरअसल चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने की वजह से जिला परिषद के वार्ड नंबर दो से चुनाव लड़ने वाले सात प्रत्याशियों के प्रचार के काफिले अलग-अलग प्रचार में जुटे थे।
एक काफिले के प्रचार के दौरान दूसरे प्रत्याशी के काफिले में शामिल दो लोग ट्रैक्टर की छत पर जा चढ़े। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही इलेवन केवी लाइन के करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। इसके बाद माहौल में अचानक ही अफरा तफरी मच गई और गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां उनकी चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी।
गांव तालू में भी इस हादसे से मातम छा गया। वहीं मृतकों के घर भी लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं इस हादसे के लिए धनाना के ग्रामीणों ने बिजली निगम को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि गांव में बिजली के तार काफी नीचे हैं, जिसकी वजह से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली में अकसर ग्रामीण अपनी फसल और सूखा चारा लेकर आते हैं, जिसकी ऊंचाई भी काफी हो जाती है। ऐसे में गलियों के अंदर लटक रहे बिजली तार हादसों की वजह बने हैं।
-------------------------------
चुनावी प्रचार छोड़ मृतकों के घर पहुंचे उम्मीदवार
जिला परिषद व पंचायती चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार अपना चुनाव प्रचार बीच में ही छोड़कर हादसे में मृतकों के घर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं चुनावी माहौल में इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ गांव में भी मातम छा गया। वहीं ग्रामीण भी इस हादसे से सदमे में आ गए।
--------------------------
वार्ड 12 में हैं ये गांव
जिला परिषद के वार्ड 12 में गांव धनाना, धनाना प्रथम, धनाना द्वितीय के अलावा बड़ेसरा, तालु, जताई, मुंढाल खुर्द, मुंढालकलां गांव आते हैं। इन गांवों में करीब सात प्रत्याशी जिला पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि पंचायत समिति और सरपंच के चुनावों के अलावा पंच चुनावी मैदान में भी काफी प्रत्याशी हैं।
-----------------------------
गांव धनाना में हमारी बिजली की लाइन सड़क के साथ में है। हादसे के वक्त युवक सीढ़ी लगाकर ट्रैक्टर की छत पर चढ़ा और फिर दूसरे युवक को कंधे पर उठाने का प्रयास किया गया। इसी वजह से संतुलन बिगड़ा और तारों के संपर्क में आ गए। इस वजह से ये हादसा हुआ है। इस तरह का हादसा दुखद है। जहां पर भी हादसा संभावित बिजली लाइनें हैं, निगम ऐसे बिंदुओं को ही खत्म कर रहा है।
- रणबीर सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।