भिवानी। शहर के जीतुवाला क्षेत्र दुर्गा कॉलोनी निवासी एक युवक की शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे बर्फ तोड़ने वाला सुआ से घोंपकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप क्षेत्र के ही पांच नामजद सहित दो-तीन अन्य युवकों पर लगा है।
युवक की हत्या साथ बैठकर शराब पीने से इन्कार करने और शराब के लिए पैसे देने से मना किए जाने पर की गई। फिलहाल शहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। इसका शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं मृतक के भाई के बयान पर पांच नामजद सहित दो-तीन अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
शहर थाना पुलिस को दिए बयान में दुर्गा कॉलोनी निवासी गौरव ने बताया कि वे दो भाई हैं। उसका छोटा भाई 26 वर्षीय सोनू जिला नागरिक अस्पताल परिसर के बाहर फलों की रेहड़ी लगाता था। वह भी घंटाघर के पास फलों की रेहड़ी लगाता है। उसके छोटे भाई सोनू को कुछ युवक जबरन श्याम बाग की तरफ ले गए। वहां ले जाकर उसके भाई के साथ मारपीट की और फिर उसे लहूलुहान हालत में गली में फेंक गए। इसकी सूचना उसे मिली तो वह वहां पहुंचा।
इस दौरान गंभीर रूप से घायल उसके भाई सोनू ने उसे बताया कि जीतुवाला निवासी कालू, रिंकू, खिल्लू, मक्कू, सोनू व दो-तीन अन्य ने मिलकर उस पर बर्फ तोड़ने वाला सुआ और लाठी-डंडों से मारपीट की। उसने उनके साथ बैठकर शराब पीने से मना कर दिया था और शराब के पैसे मांगने पर नहीं दिए थे।
इसी को लेकर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। वहीं गंभीर हालत में सोनू को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई धर्मबीर ने शव को कब्जे में लिया वहीं पुलिस ने मौके पहुंचकर भी जांच की और क्राइम सीन टीम को भी मौके पर बुलाया।
शव को फिलहाल शवगृह में रखवा दिया है। इसका शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई गौरव की शिकायत पर आरोपी कालू, रिंकू, खिल्लू, मक्कू, सोनू व दो तीन अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
- एसआई धर्मबीर, जांच अधिकारी, शहर थाना पुलिस भिवानी।