फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: चांग माइनर पर दो करोड़ की लागत से तीन किलोमीटर लंबी बनेगी पक्की ड्रेन

Mon, 17 Jul 2023 12:34 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। गांव चांग की करीब 20 हजार से अधिक आबादी बरसाती जलभराव का दंश हर साल झेलती है। अब इसके स्थायी समाधान के लिए गांव से लेकर चांग माइनर तक करीब दो करोड़ रुपये की लागत से करीब तीन किलोमीटर लंबी पक्की ड्रेन बनाई जाएगी। जिसका काम शुरू हो चुका है। ये ड्रेन बरसाती पानी को आबादी से निकाल सीधा चांग माइनर में डालेगी। सिंचाई विभाग की बौंद डिवीजन के तहत ड्रेन में पाइप डालकर उसे पक्का किए जाने का काम शुरू किया है।
विज्ञापन


भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर गांव ढाणी चांग और चांग की आबादी से घिरे जोहड़ों के अंदर ही दूषित पानी जाता है। ये जोहड़ बारिश के दौरान ओवरफ्लो हो जाते हैं, जिसकी वजह से आसपास के लोगों को अपने घरों से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ता है। बारिश के पानी की निकासी के लिए सिंचाई विभाग अब तक अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर या फिर मूवेबल पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराता आ रहा है। लेकिन इससे भी बात नहीं बन पाती है। तेज बारिश से जलभराव हो जाता है, जो मोटरों और पंपों से निकालना संभव नहीं है। इसी को लेकर सिंचाई विभाग ने गांव ढाणी चांग के पेट्रोल पंप से लेकर चांग माइनर तक करीब तीन किलोमीटर के दायरे में कच्ची ड्रेन के अंदर पाइप डालकर उसे पक्का किए जाने का काम शुरू किया है। बारिश का पानी इस ड्रेन में पाइप के जरिए सीधा माइनर के अंदर पहुंचेगा। जिसे किसान जरूरत के हिसाब से सिंचाई में इस्तेमाल भी कर पाएंगे। ड्रेन में जगह-जगह हौद भी बनाए गए हैं, ताकि इनके अंदर बारिश के पानी की निकासी में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए।





महाग्राम योजना में भी शामिल है गांव चांग, सीवर लाइन डालने का भी प्रस्ताव

गांव चांग को महाग्राम योजना में भी शामिल किया हुआ है। महाग्राम योजना के तहत गांव में नई सीवर और पेयजल लाइन डालने का भी प्रपोजल तैयार किया जाएगा। फिलहाल ग्राम पंचायत की तरफ से महाग्राम योजना के तहत सीवर लाइन डालने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व डिस्पोजल निर्माण के लिए भी जगह मुहैया कराने का प्रस्ताव दिया जा चुका है। अब पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को ही इस मसौदे पर आगे काम करना है। गांव में सीवर लाइन डाले जाने से गांव में दूषित और बरसाती पानी की निकासी का काफी हद तक समाधान होगा।
विज्ञापन




गांव चांग में हर साल जलभराव से परेशानी होती है। इसके स्थायी समाधान के लिए पक्की ड्रेन का निर्माण बहुत जरूरी है। गांव में सीवर लाइन डालने के लिए भी महाग्राम योजना के तहत जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। सीवर लाइन डाले जाने के बाद गांव में गंदे पानी की निकासी का भी स्थायी समाधान संभव हो पाएगा।
-प्रदीप रंगा सरपंच प्रतिनिधि गांव चांग।

गांव चांग में पानी निकासी के लिए पक्की ड्रेन बनाई जा रही है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तीन किलोमीटर के दायरे में पाइप लाइन डालकर उसे चांग माइनर से जोड़ा जाएगा। बारिश के पानी की निकासी सीधी ड्रेन में होगी। जिसका काम चल रहा है।
विज्ञापन


-गौरव लांबा, कार्यकारी अभियंता बौंद डिवीजन सिंचाई विभाग भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें