भिवानी। जिले में चौबीस घंटे में दो हत्या की वारदात सामने आई हैं। दूसरी वारदात में नया बाजार की रामदत्त गली निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार देर शाम को पीट-पीट कर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलने के बाद डीएसपी हैडक्वाटर महेश कुमार नागरिक अस्पताल पहुंचे। डीएसपी ने परिजनों को सांत्वना दी वहीं शव का शनिवार सुबह पोस्टमार्टम होगा। मृतक नया बाजार रामदत्त गली निवासी 45 वर्षीय अनिल अपने पिता के साथ रहता था। वह अविवाहित था। उसका पड़ोस के ही एक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आज शाम को जब वह बाजार गया था तो फिर से उसके साथ झगड़ा किया। झगड़े में लगी चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सकों ने भी उसे मत घोषित कर दिया। डीएसपी हैडक्वाटर महेश कुमार ने बताया हत्या का केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।