सीबीएलयू भिवानी के परीक्षा नियंत्रक को मांगपत्र सौंपते एबीवीपी कार्यकर्ता।
भिवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को मांगपत्र सौंपा। एबीवीपी ने परीक्षा देने के बावजूद भी परिणाम में अनुपस्थित दिखाए जाने के विरोध में एबीवीपी इकाई उपाध्यक्ष रजत वर्मा व नगर मंत्री ललित के नेतृत्व में मांगपत्र सौंपा।
विभाग संयोजक आशु पालुवास व विभाग छात्रा प्रमुख प्रीति ने बताया कि शुक्रवार को उनके की ओर से बवानीखेड़ा के राजकीय महिला महाविद्यालय का एक दिवसीय प्रवास किया गया था तथा छात्राओं की समस्याएं सुनी गई थीं। इसमें छात्राओं ने उन्हें बताया था कि बीए प्रथम वर्ष का क्रिएटिव राइटिंग की री-अपीयर की परीक्षा 5 फरवरी को हुई थी, जिसका परिणाम 2 अगस्त को जारी किया गया। इसमें बहुत सी छात्राओं को अनुपस्थित दिखाया गया, जबकि उन्होंने परीक्षा भी दी थी। इसके चलते छात्राओं के समक्ष समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जबकि सीबीएलयू में इस प्रकार की बड़ी गलतियां की गई हो, पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। इसका नुकसान विद्यार्थियों को झेलना पड़ रहा है। एबीवीपी पदाधिकारियों ने परीक्षा नियंत्रक को मांगपत्र सौंपते हुए चेतावनी देते हुए कहा कि या तो सीबीएलयू प्रशासन विद्यार्थियों के भविष्य के मद्देनजर गंभीरता से कार्य करे, नहीं तो वे विद्यार्थियों को साथ लेकर सीबीएलयू के खिलाफ संघर्ष शुरू करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर जिला संयोजक सचिन शेखावत, नगर सह मंत्री रोबिन भी साथ रहे।