भिवानी। बवानीखेड़ा कस्बे की लचर सीवरेज व्यवस्था को लेकर हरियाणा जागृति मोर्चा की ओर से दायर याचिका पर अदालत ने डीसी, नगरपालिका सचिव व एसडीओ पब्लिक हेल्थ को 25 अक्तूबर को कोर्ट में तलब किया है। साथ ही इस मामले में अधिकारियों से अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा जागृति मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सिंधू ने अधिवक्ता मीना चोपड़ा के माध्यम से दायर याचिका में बताया कि विगत में बवानीखेड़ा में करोड़ों रुपये खर्च करके पब्लिक हेल्थ ने सीवर लाइन डलवाई थी। साथ ही पानी की निकासी के लिए कस्बे में अनेक जगहों पर पाइप लाइन बिछाई गई थी। कुछ दिनों तक तो ठीक ठाक नाले व सीवर लाइन ने कार्य किया, लेकिन सही निर्माण सामग्री या तकनीकी अभाव के चलते डाली गई सीवर लाइन कई जगहों पर दरक गई। हालत ये बने है कि सीवर लाइन दरकने से पानी की सप्लाई के साथ सीवर का पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। उन्होंने अदालत मे माध्यम से कस्बावासियों की समस्याएं दुरुस्त करवाने की मांग की। जिस पर कोर्ट ने यह आदेश दिया है।