दो महीने पहले बनी सड़क उखड़ी
तोशाम। हाल ही में मरम्मत की गई भारीवास से मंढ़ाण तक की सड़क उखड़ने लगी है। हैरानी की बात यह है कि अधिकारी भी मामले को लेकर गंभीर नहीं हैं।
मरम्मत के दौरान सड़क की परत की गई थी, लेकिन इसकी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा।
पिछले काफी लंबे समय से खस्ताहाल हो चुकी भारीवास-मंढ़ाण सड़क को चकाचक किया गया था। इससे राहगीरों को जहां धूल व मिट्टी से राहत मिली, वहीं वाहन चालकों के लिए भी सड़क काफी फायदेमंद साबित हो रही थी। लेकिन, अब सड़क से परत उखड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। सड़क के कई हिस्सों पर गड्ढे हो गए हैं। सड़क की परत होने के कुछ माह बाद ही जवाब देने लगी है। युद्धवीर खरेटा की मानें तो इस सड़क का निर्माण कार्य दो माह पहले ही किया गया था। गुणवत्ता का ध्यान न देते हुए लाखों रुपये खर्च करने के बाद हालात यही बनते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दो माह भी नहीं चलने से जनता का पैसा डकार लिया गया। अब आनन-फानन में एक बार फिर सड़क की मरम्मत की जा रही है। युद्धवीर खरेटा ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता पीके पागड़ी ने कहा कि कुछ स्थानों पर माल की खराबी रही होगी। इसलिए सड़क पर कार्य किया जा रहा है।