भिवानी। छोटे बच्चों की सेहत पर डेंगू के डंक का खतरा बढ़ गया है। अब तक जिले में 13 डेंगू पॉजिटिव केस सामने आए हैं, इनमें करीब सात बच्चे शामिल हैं। इनकी उम्र भी एक से दस साल के बीच है। स्वास्थ्य विभाग भी घरों के आसपास पानी का ठहराव नहीं होने देने के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है। संभावित जगहों पर लारवा की रोकथाम के लिए भी प्रबंध किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को भी जागरूक कर रही हैं। बावजूद इसके मच्छर तेजी से पनप रहा है।
शहरी दायरे में भी अब तेजी से मच्छर पनप रहा है। यही वजह है कि एक दिन में तीन बच्चे पॉजिटिव आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग भी डेंगू को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुका है कि रात के समय बच्चों को ढककर सुलाए। वहीं खुले में अगर मच्छर ज्यादा हैं तो संबंधित विभाग के माध्यम से फॉगिंग भी कराएं। नगर परिषद ने भी डेंगू के पॉजिटिव केस मिलने के बाद संभावित इलाकों में फॉगिंग कराई है। बारिश के बाद से ही मच्छर का प्रकोप बढ़ रहा है।
डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पुख्ता प्रबंध हैं। हमारा प्रयास है कि लोग भी मच्छर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक हों, ताकि वे अपने बचाव का प्रबंध समय रहते कर सकें। अपने आसपास पानी का ठहराव नहीं होने देने और घर में पानी प्रयोग वाली चीजों की नियमित साफ सफाई भी जरूर करें। स्वास्थ्य विभाग हर रविवार को ड्राई डे मनाने के लिए भी जागरू कर रहा है। हर रविवार को लोग अपने घरों के अंदर फ्रिज की ट्रे और कूलर की नियमित सफाई करें। - डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।