भिवानी। विधानसभा चुनावों में वीरवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन जिले की चारों विधानसभा में 65 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। भिवानी में सबसे अधिक 21 तो तोशाम में सबसे कम 13 नामांकन दाखिल किए गए। वहीं लोहारू से 15 तो बवानीखेड़ा से 16 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
भिवानी के लघु सचिवालय परिसर में नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ उमड़ी भीड़ की वजह से जाम की स्थिति भी बनी और अव्यवस्था होती देख खुद डीसी महाबीर कौशिक को बाहर आकर मोर्चा संभालना पड़ा। विधानसभा चुनाव के लिए वीरवार को नामांकन का अंतिम दिन था। नामांकन के अंतिम दिन बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 16 प्रत्याशियों ने तथा भिवानी विधानसभा के लिए 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से 106 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें लोहारू में सबसे अधिक 30 तो बवानीखेड़ा में सबसे कम 22 नामांकन दाखिल किए गए। वहीं भिवानी से 26 तो तोशाम से 28 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। बवानीखेड़ा के लिए एडीसी एवं रिटर्निंग अधिकारी हर्षित कुमार तथा भिवानी के लिए एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी महेश कुमार ने नामांकन पत्र लिए।
ये है अब तक नामांकन की स्थिति
भिवानी- 26
बवानीखेड़ा- 22
लोहारू- 30
तोशाम- 28
कुल- 106
बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से प्रदीप नरवाल ने कांग्रेस, धर्मबीर ने आप तथा मदनलाल ने कवरिंग, गुड्डी लांग्यान ने जजपा, रामकिशन फौजी ने निर्दलीय, रामकिशन ने निर्दलीय, मंजू ने आम आदमी परिवर्तन पार्टी, सतबीर रतेरा ने निर्दलीय, संदीप जनागल ने इनेलो-बसपा के सांझा उम्मीदवार के तौर पर बसपा, पवन विकास, सुरेश, रविता व नफे सिंह ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि भिवानी विधानसभा क्षेत्र से सतीश कुमार ने निर्दलीय, नील कंवल अग्रवाल ने आईएनसी, जोंगेंद्र ने निर्दलीय, पवन कुमार शर्मा ने निर्दलीय, इंदू शर्मा ने आम आदमी पार्टी तथा रोहित ने उनके कवरिंग के तौर पर नामांकन किया। इसी प्रकार से जयकुमार ने आइएनसी, जगत सिंह ने निर्दलीय, आजाद कुमार ने निर्दलीय, सुनील शर्मा ने निर्दलीय, जगुनू महरा ने आजार समाज पार्टी, दिनेश ने निर्दलीय, कर्मवीर यादव ने आईएनएलडी, शंकर दास ने आईएनसी, आनंद कुमार ने भारतीय जवान किसान पार्टी, महावीर ने निर्दलीय, विनोद कुमार ने निर्दलीय, डॉ. स्वाति भारद्वाज ने आएनसी और आजाद, भाजपा पूर्व महिला जिला अध्यक्ष प्रिया असीजा और रामकुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
लोहारू से कांग्रेसी उम्मीदवार राजबीर फरटिया सहित 15 ने भरे नामांकन
लोहारू। अंतिम दिन कांग्रेस से राजबीर फरटिया, इनेलो गठबंधन, जेजेपी सहित 15 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी मनोज दलाल को नामांकन जमा करवाए। अंतिम दिन तक 18 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
एसडीएम मनोज दलाल ने बताया कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से राजबीर सिंह फरटिया ने नामांकन पत्र दाखिल किया है, वहीं उन्होंने नामांकन का एक अतिरिक्त सेट जमा कराया हैं। उनके नरेंद्र फरटिया ने कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर आवेदन जमा कराया है। इनेलो व बसपा पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर भूप सिंह निवासी गांव बैराण ने नामांकन दाखिल कराया है। आम आदमी पार्टी से गीता बाला निवासी आदर्श नगद भिवानी ने नामांकन भरा है। वहीं विनोद पुत्र रामसिंह ने आदमी पार्टी के कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है।
जननायक जनता पार्टी से अलका आर्या ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। संदीप गांव ढाणी बल्हारा, सूरजभान निवासी गांव सोहांसड़ा, राजबीर गांव अमीरवास, अमर चैहड़ कलां, राजबीर गांव ढाणी अकबरपुर, सुरेश कुमार कायत निवासी कुड़ल, कृष्ण कुमार गांव बारवास, संजय गांव बिसलवास, राजबीर गांव हरियावास ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन जमा कराए हैं। इससे पहले भाजपा से जयप्रकाश दलाल और उनके पुत्र रोहित दलाल ने कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा था। वहीं आजाद प्रत्याशी के रूप में सज्जन भारद्वाज पहले ही उनके कार्यालय में नामांकन जमा करवा चुके हैं।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं कांग्रेस प्रत्याशी राजबीर सिंह फरटिया
लोहारू। लोहारू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में पहली बार नामांकन पत्र दाखिल करने वाले राजबीर फरटिया करोड़ों की संपत्ति के मालिक है। राजबीर फरटिया के दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने करीब 15 करोड़, 53 लाख 10 हजार 989 रुपये की चल संपत्ति दर्शाई है। वहीं उनकी पत्नी के पास भी 11 लाख 5 हजार 384 रुपये की चल संपत्ति दिखाई गई है। इसके अलावा उन्होंने स्वयं द्वारा खरीदी गई अचल संपत्ति वर्तमान मूल्य के हिसाब से 43 करोड़, 13 लाख 15 हजार 219 रुपये की अचल संपत्ति दर्शाई है। उन्हें करीब 54 लाख रुपये से अधिक की अचल संपत्ति विरासत में मिली है। शपथ पत्र के अनुसार राजबीर फरटिया पर बैंकों और वित्तीय संस्थाओं का करोड़ों रुपयों का बकाया भी दर्शाया गया है।
तोशाम में 13 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन पत्र
तोशाम। तोशाम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी डॉ. अशवीर सिंह नैन ने बताया कि तोशाम विधानसभा क्षेत्र से अंतिम दिन 13 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। इसमें भाजपा से श्रुति चौधरी व लेघा निवासी नीरज, इनेलो-बसपा गठबंधन में बसपा से ओम सिंह निवासी गांव दांग खुर्द, दलजीत सिंह गांव तालु निवासी ने आम आदमी पार्टी से, बलवान सिंह गांव मंढाण निवासी ने पीपुल्स पार्टी आफ डेमोक्रेटिक से नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं अनिल कुमार गांव भेरा निवासी, लक्ष्य परमार, विकास नगर भिवानी निवासी, बलवान सिंह गांव ढाणी मिरान निवासी, कृष्ण कुमार गांव नंगला निवासी, जितेन्द्र नाथ विद्यानगर भिवानी निवासी, पुष्पा देवी गांव जुई कला निवासी, जितेन्द्र गांव हेतमपुरा निवासी और जगदीश गांव गोलागढ़ निवासी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया है। तोशाम विधान सभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने के लिए 21 प्रत्याशी हो गए है।
भिवानी विधानसभा से भाजपा नेता प्रिया असीजा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भरा नामांकन
भिवानी। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन वीरवार को प्रिया असीजा ने भिवानी विधानसभा क्षेत्र से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन पत्र भरा। प्रिया असीजा पिछले कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी है।
वे भाजपा महिला मोर्चा में जिला अध्यक्ष के पद पर भी रह चुकी है। इसके अलावा वे सामाजिक संस्था के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवाएं भी समय-समय पर करती रही है। नामांकन पत्र भरने के बाद प्रिया असीजा ने कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं हित एवं उत्थान की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यदि समाज की महिलाएं मजबूती होंगी तो निश्चित तौर पर राष्ट्र भी सशक्त बनेगा।
लोहारू विधानसभा क्षेत्र से आप प्रत्याशी गीता श्योराण लाखलाण ने भरा नामांकन
भिवानी। नामांकन के अंतिम दिन वीरवार को लोहारू विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी द्वारा जिला अध्यक्ष गीता श्योराण लाखलाण को उम्मीदवार घोषित किया है। इस दौरान आप प्रत्याशी ने नामांकन पत्र भरने के बाद लोहारू विधानसभा क्षेत्र के मुख्य मुद्दों के बारे में बात की।
लोहारू विधानसभा क्षेत्र से आप प्रत्याशी गीता श्योराण लाखलान ने कहा कि भाजपा सरकार दिखावे की सरकार है, जो कि आमजन के हित में काम करने की बजाए सिर्फ पूंजीपतियों के हित में काम करती आई है। उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा का वर्तमान विधायक हाल में प्रदेश सरकार में मंत्री भी है, लेकिन इसके बावजूद भी यह विधानसभा क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से महरूम रहा है।