अवैध कब्जे हटवाने की मांग
तोशाम। एक युवक ने सीएम विंडो में शिकायत कर सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बवानीखेड़ा के खंड़ विकास एवं पंचायत अधिकारी पर मामले में अनदेखी का आरोप लगाया है। किरावड़ निवासी कालाराम ने शिकायत में बताया है कि गांव में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे हैं। कालाराम ने बताया कि बवानीखेड़ा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने मौके का मुआयना भी किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। कालाराम ने बताया कि गांव के दुषाणा तालाब में गंदा पानी है। इससे गांव में बीमारी फैलने का भय बना हुआ है। शिकायत में बताया है कि गांव के सरकारी स्कूल में हलकी बारिश होते ही तीन-चार फुट पानी भर जाता है। पानी भरने के बाद बच्चों को स्कूल में आने-जाने में परेशानी होती है। सीएम विंडो में शिकायत कर समस्याओं के समाधान की मांग की है।