भिवानी। जिले में लंपी वायरस का खतरा लगातार बढ़ रहा है। तोशाम में एक ही दिन में शुक्रवार को 51 आशंकित पशु सामने आए। वहीं लोहारू क्षेत्र में भी अभी तक करीब 30 आशंकित पशु सामने आ चुके हैं। सभी आशंकितों को अलग कर इलाज किया जा रहा है। वहीं पशुओं को इससे बचाने के लिए वैक्सीनेशन अभियान भी तेजी से शुरू कर दिया है।
पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश में गायों के लिए अकाल काल का कारण बना लंपी वायरस अब भिवानी जिले के लिए भी घातक साबित हो सकता है। दरअसल लोहारू, तोशाम क्षेत्र में आशंकित पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। तोशाम में पहले 23 आशंकित मिले। दो रोज पूर्व 45 मिले और शुक्रवार को एक ही दिन में 51 आशंकित पशु मिले। शुक्रवार को तोशाम क्षेत्र के 17 गांवों में 39 आशंकित पशु मिले हैं। जबकि तीन गोशाला में 12 पशु। गोशाला में आशंकित मिलने से वहां रह रहे अन्य गायों और गोवंश पर भी खतरा मंडरा गया है। लोहारू क्षेत्र में अब तक करीब 30 आशंकित पशु मिल चुके है। सभी को अलग कर इलाज किया जा रहा है।
तोशाम से एसडीओ सुनील शर्मा और लोहारू से एसडीओ डॉ. जयपाल यादव ने बताया कि सभी आशंकित पशुओं का इलाज किया जा रहा है। वैक्सीनेशन अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। भिवानी से वेटनरी सर्जन डॉ. प्रदीप ने बताया कि भिवानी अभी सुरक्षित है और गनीमत है कि किसी पशु की मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।