भिवानी। पांच व छह नवंबर को जिला के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली सीईटी की परीक्षा को लेकर पुलिस की सभी तैयारियां हो चुकी है। जिला में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पांच सौ पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। इसके अलावा आठ पेट्रोलिंग टीमें इस दौरान गश्त करेंगी। वीरवार को पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने थाना प्रभारियों से सीईटी परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी स्टाफ, पुलिस स्टाफ के अलावा अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने या आग्नेय अस्त्र लेकर आने पर भी पाबंदी रहेगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट व कोचिंग सेंटर की दुकानें भी बंद रहेंगी। वहीं परीक्षा केंद्र से 2 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी रहेगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने थाना क्षेत्र में शामिल परीक्षा केंद्रों पर लगातार गश्त करें। वहीं, थाना यातायात प्रबंधक को यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिए।