भिवानी। हालुवास गेट पर वीरवार को दोपहर 49 वर्षीय युवक की दो मंजिला मकान की छत से गिरकर मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एचसी पुनीता ने बताया कि परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय दोपहर 1 बजे अपने घर की छत की सफाई कर रहा था, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह 25 फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। संजय को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल भिवानी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संजय अपने पीछे दो बच्चे और पत्नी छोड़ गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।