अमर उजाला ब्यूरो
बवानीखेड़ा। कस्बे के वार्ड दस के निवासी पानी की सप्लाई न होने के कारण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए हैं। पानी की किल्लत पिछले एक महीने से चल रही है। लोग पानी की किल्लत के लिए कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन, विभाग इनकी समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाल रहा है। जलसंकट को लेकर वार्डवासियों में जन स्वास्थय विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। वार्डवासियों की परेशानी को समझते हुए वार्ड के पार्षद महाबीर अत्री ने वार्ड के निवासियों के लिए तीन टैंकर पानी हर मंगवाते हैं। वार्डवासी सुनीता, अजय, विकास, रोशनी, कमलेश, राजवंती, महेंद्र, पार्षद महाबीर अत्री ने बताया कि बहुत दिनों से वार्ड में पानी की समस्या है। वार्डवासी कई बार एकत्रित होकर विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं। लेकिन, कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इस बारे में विभाग के एसडीओ बलविंद्र नैन ने बताया कि वार्ड में पानी की सप्लाई में किल्लत को लेकर उनसे कोई नहीं मिला है। यदि ऐसा मामला है तो पानी की किल्लत को जल्द दूर किया जाएगा।