भिवानी। अब पांच साल बाद भिवानी से चरखी दादरी तक करीब 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे का 32.24 लाख के बजट से कायाकल्प होगा। एनएच 148-बी के दायरे में आने वाले इस फोरलेन के रखरखाव और मेंटनेंस का वर्क ऑर्डर भी एनएच भिवानी ने जारी कर दिया है।
पंचकूला की एक कंपनी को यह काम सौंपा गया है, जो जल्द ही खस्ताहाल हो चुके फोरलेन की सुध लेगी। पांच साल तक मेंटनेंस और रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी की ही रहेगी। इतना ही नहीं चरखी दादरी में भिवानी चौक पर सीसी पैटर्न पर सड़क का निर्माण भी होगा। 2019 में भिवानी से चरखी दादरी तक 31 किलोमीटर दायरे की सड़क को फोरलेन किया गया था। एनएच 148बी के तहत आने वाला यह मार्ग नारनौल-महेंद्रगढ़ को भिवानी और चरखी दादरी से जोड़ता है। फोरलेन बनने के बाद इसकी एक बार भी मरम्मत नहीं कराई गई थी।
भिवानी से चरखी दादरी तक बने एनएच 148बी के फोरलेन में कई जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं। इसकी वजह से तेज रफ्तार में वाहन भी हिचकोले खा रहे हैं। 2019 में अस्तित्व में आने के बाद फोरलेन को मरम्मत की दरकार थी। ऐसे में एनएच भिवानी के दायरे में आने वाला एनएच-14बी भिवानी से चरखी दादरी तक दादरी मंडल में आता है।
दादरी मंडल ने 31 किलोमीटर फोरलेन की मरम्मत के लिए खाका तैयार किया। इसके बजट की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर कराए गए। अब इसका काम मान बिल्डर्स पंचकूला को सौंपा गया है। इसका वर्क ऑर्डर मिलने के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी ने भी इसके जीर्णोद्धार की तैयारी कर ली है। जिस पर अब जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। फोरलेन के जिस हिस्से की सड़क ज्यादा खस्ताहाल है, वहां पर पहले काम शुरू होगा।
पांच साल तक कंपनी ही करेगी सड़क का रखरखाव
पंचकूला की कंपनी को वर्क ऑर्डर अलॉट करने के साथ ही एनएच भिवानी ने उसे पांच साल तक इस फोरलेन के रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इस अवधि के दौरान इस फोरलेन की मरम्मत इसी कंपनी को करनी होगी। ये कंपनी छह माह से दो साल के दौरान अपना मरम्मत का काम जारी रख सकती है। कंपनी 31 किलोमीटर दायरे के फोरलेन में पुरानी सड़क पर ही तारकोल की एक नई लेयर डालेगी। इसके अलावा चरखी दादरी के भिवानी चौक पर जहां ओवरलोड भारी वाहनों की आवाजाही सबसे अधिक है वहां पर सीसी पैटर्न पर सड़क को तैयार कराएगी, ताकि पानी और वाहनों के अधिक दबाव की वजह से सड़क बार-बार खराब न हो। दरअसल, दादरी के भिवानी चौक पर कलियाना पहाड़ से ज्यादातर पत्थरों के ढुलाई वाहन ही आते हैं। इनकी वजह से सड़क थोड़े अंतराल के बाद ही खराब हो रही है।
एनएच भिवानी के अंतर्गत आने वाले एनएच-148बी भिवानी से चरखी दादरी फोरलेन के 31 किलोमीटर दायरे में मरम्मत का काम कराया जाएगा। इसके लिए 32 करोड़ 24 लाख रुपये से पंचकूला की मान बिल्डर्स को वर्क ऑर्डर अलॉट हुआ है। ये कंपनी फोरलेन की मरम्मत करने के उपरांत पांच सालों तक इसका रखरखाव भी करेगी। कुछ हिस्से में सीसी पैटर्न की सड़क भी तैयार होगी। जल्द ही इसका काम शुरू कराया जाएगा। -राहुल, कनिष्ठ अभियंता, मंडल चरखी दादरी एनएच भिवानी।