भिवानी। फोन पर पिता का दोस्त बनकर बैंक खाता में धोखाधड़ी से 30 हजार रुपये डलवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में धारेडू निवासी दीपक ने बताया कि उसके पास एक फोन आया। जिस पर बोलने वाले ने कहा कि वह उसके पापा का दोस्त बोल रहा है। फिलहाल वह अस्पताल में है और उसका फोन पे नहीं चल रहा है। उसने कहा कि वह 40 हजार रुपये भेज रहा है। इन पैसों में से तीस हजार रुपये एक नंबर पर भेज दो और दस हजार रुपये वह सुबह आकर उससे ले जाएगा। इसके बाद युवक ने अपने मामा जयपाल से बताए गए नंबर पर तीस हजार रुपये डलवा दिए। जिसके बाद उसने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसके खाता में कोई पैसे नहीं आए थे। मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।