भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) कंपार्टमेंट, री-अपीयर, सीटीपी, अतिरिक्त विषय व अंक सुधार विषय की पूरक और डीएलएड प्रथम (प्रवेश वर्ष 2023-25) की परीक्षाओं में नकल के 23 मामले दर्ज किए गए।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को प्रदेशभर में संचालित हुई सेकेंडरी (शैक्षिक, मुक्त विद्यालय) की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में नकल के सात मामले और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, मुक्त विद्यालय) की हिंदी विषय की परीक्षा में 13 एवं डीएलएड की परीक्षा में नकल के तीन मामले दर्ज हुए।
उन्होंने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के उड़नदस्ते की ओर से फरीदाबाद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां नकल के तीन मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते की ओर से सोनीपत के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नकल के पांच मामले दर्ज किए। उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्र उड़नदस्ते करनाल एवं चरखी दादरी की ओर से नकल का एक-एक मामला दर्ज किया।
इसके अतिरिक्त नकल पर अंकुश लगाने के लिए बोर्ड की ओर से गठित अन्य उड़नदस्तों की ओर से अनुचित साधन प्रयोग के 13 मामले दर्ज किए गए। प्रदेशभर के सभी जिलों में सोमवार की परीक्षा में कुल 8357 परीक्षार्थी तथा डीएलएड परीक्षा में 648 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।