बिजली कर्मी बता पानी मांगा, घर में घुसकर ले गया मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
चोर अब सरेआम घर में घुसकर लूटपाट करने लगे हैं। यह ही मामला रूद्रा कॉलोनी में सामने आया है। रूदा कॉलोनी में एक व्यक्ति ने दरवाजा खटखटा कर बिजली कर्मी बनकर पानी मांगा। जब घर में मौजूद युवक पानी लेने के लिए रसोई में गया तो उसके पीछे ही अंदर घुसे फर्जी बिजली कर्मी ने उसके हाथ से महंगा मोबाइल छिन लिया और फरार हो गया। युवक ने घटना की शिकायत बीटीएम पुलिस चौकी में की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। रुद्रा कालोनी निवासी प्रतोश कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे एक व्यक्ति ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोला तो उक्त व्यक्ति ने कहा मैं बिजली कर्मी हूं, पानी पिला दो। वह पानी लेने के लिए रसोई में गया तो उसके पीछे उक्त व्यक्ति भी अंदर घुस आया। उसने मौका पाकर उसके हाथ से कीमती मोबाइल छिन लिया और एकदम से भाग निकला। उसने घटना की शिकायत बीटीएम पुलिस चौकी में की। प्रतोश कुमार ने बताया कि पुलिस ने उसे पहले मोबाइल सिम बंद करवा कर आने के लिए कहा। इसके बाद कार्रवाई करेंगे।
----
युवक प्रतोश ने चौकी में शिकायत की है। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी को तलाश किया जाएगा।
रणवीर सिंह, इंचार्ज चौकी, बीटीएम