सहकारिता मंत्री ने किया आंबेडकर भवन का लोकार्पण
भिवानी।
राजीव कालोनी गुजरानी रोड स्थित गुरु रविदास जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर की 127वीं जयंती समारोह में सहकारिता मंत्री ने लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंबेडकर भवन का लोकार्पण किया और अपने ऐच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की राशि देनेे एवं सेक्टर 23 चौक से आंबेडकर भवन तक सड़क का निर्माण करवाने की घोषणा की। सड़क के निर्माण पर साढे़ दस लाख रुपये की लागत आएगी। ग्रोवर ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को सिंबल ऑफ गॉड यानी ज्ञान का देवता की उपाधि से सम्मानित करके करोड़ों देशवासियों की भावनाओं के अनुरूप कार्य किया है। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले डा. जयबीर धानिया, शिक्षा के क्षेत्र में कु. पूजा व दिव्यंाग क्रिकेट खिलाड़ी नीरज कुमार को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ के अलावा डिप्टी एजी पवन गर्ग, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश बागड़ी ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष नन्दराम धानिया, सरंक्षक एवं पूर्व तहसीलदार आर पी सिंह दहिया, प्रधान भानी सहाय बागोतिया, एडवोकेट मांगेराम तुंदवाल ने भी बाबा साहब को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर डीएसपी नारायण चंद, पूर्व डीएसपी दाताराम, पूर्व प्रधान कैप्टन टेकचंद, एडीए आनन्द दहिया, पूर्व तहसीलदार आरएस ग्रेवाल, शंकर धूपड़ आदि मौजूद रहे।